बभनी के देवरिहवां में घटनास्थल पर पर पुलिस व ग्रामीण।संवाद
बभनी। स्थानीय थाना क्षेत्र के देवरिहवां गांव में शनिवार की शाम सड़क हादसे में बाइक सवार हंसलाल (45) की मौत हो गई। अनियंत्रित बाइक पुल से 10 फीट नीचे गिर गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है।
देवरिहवां निवासी हंसलाल (45) बाइक से अरझट की ओर जा रहे थे। गांव के बाहर निकलते ही पुल के पास बाइक अचानक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरी। हादसे में हंसलाल के सिर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे, मगर तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पत्नी सुनीता का रो-रोकर का हाल बेहाल है। हंसलाल को चार बेटियां और एक बेटा हैं। पति की मौत से पत्नी गहरे सदमे में है। ग्रामीणों की सूचना पर बभनी पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बाइक फिसलने से लिपिक घायल, ट्रामा सेंटर रेफर
रेणुसागर। अनपरा थाना क्षेत्र के डिबुलगंज स्थित शक्तिनगर-वाराणसी हाईवे पर शुक्रवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
ओबरा के सेक्टर-8 आवासीय परिसर निवासी सतीश कुमार (52) अनपरा तापीय परियोजना के अग्निशमन विभाग में लिपिक पद पर कार्यरत हैं। वह शुक्रवार शाम करीब चार बजे ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अनपरा से ओबरा लौट रहे थे। डिबुलगंज के पास सामने से आ रहे ट्रक को बचाने के प्रयास में उन्होंने बाइक सड़क की पटरी की ओर मोड़ी, लेकिन किनारे बने गड्ढों के कारण संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके सिर और कंधे में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
बभनी के देवरिहवां में घटनास्थल पर पर पुलिस व ग्रामीण।संवाद