कोतवाली क्षेत्र के कोलियाघाट में रविवार को लूट की नीयत से कुछ युवकों ने बाइक सवार पर्यटकों से मारपीट की। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
शिल्पी गांव निवासी शिवचन ने कोतवाली पर तहरीर देकर बताया कि गांव के मनीष कुमार सिंह और बंशीधर के साथ वह मुक्खा फॉल गए थे। देर शाम घर लौट रहे थे तभी रास्ते में कोलियाघाटी में चार युवकों ने उनकी बाइक रोक ली। गाली-गलौज करते हुए लाठी लेकर मारने लगे। जान बचाने के लिए बाइक छोड़कर वे तीनों भाग निकले। शिवचन के मुताबिक कोरट निवासी शिवशंकर पुत्र बसंत भी पीछे से आ गया। शिवशंकर को उन युवकों ने मारा पीटा। शोरगुल करने पर पीछे से आ रहे टेंपो से लोगों ने उतर कर मदद के लिए दौड़ लगाई। घेराबंदी कर मारपीट करने वाले चारों युवकों को पकड़ा और घटना की सूचना पुलिस को दी। मामले में एक आरोपी गुरुवल निवासी राहुल चकमा देकर फरार हो गया, जबकि धरमौली निवासी सुशील कुमार मौर्य, बेलवनिया निवासी सुनील कुमार और गुरुवल निवासी श्यामलाल को कोतवाली लाया गया। इस मामले में पुलिस नेचारों के विरुद्ध एफाआईआर दर्ज कर लिया। कोतवाली निरीक्षक देवतानंद सिंह ने बताया कि गिरफ्तार तीन आरोपियों का चालान कर दिया गया है। फरार एक आरोपी की तलाश जारी है।