सोनभद्र। जिले के आठ निकायों में एक मार्च से स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान शुरू हो रहा है। स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान के लिए डॉक्यूमेंट फाइल करने की अंतिम तिथि 27 फरवरी है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान 7500 अंकों पर निर्धारित होगी, जबकि पहले 6000 अंकों का ही प्रतियोगिता होती थी। इस बार के प्रतियोगिता कॉलम में सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज कॉलम जुड़ा है। इस पर सभी निकायों में विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नगर पालिका परिषद सोनभद्र (राबर्ट्सगंज) के साथ ही नगर पंचायत घोरावल, चोपन, चुर्क/गुरमा, ओबरा, रेणुकूट, पिपरी और दुद्धी में स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान एक मार्च से शुरू हो रहा है। सभी निकायों की तरफ से स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान में शामिल होने के लिए दस्तावेज फाइल लगभग कर लिया है। सर्वेक्षण के दौरान नगर साफ-सुथरा दिखे और कहीं कोई कमी न रह जाए, इसके लिए कसरत तेज हो गई है। स्वच्छ भारत मिशन नगरीय के जिला प्रबंधक (डीपीएम) नीरज कुमार ने बताया कि कचरा मुक्त शहर (गार्बेज फ्री सिटी) के तहत डाक्यूमेंट फाइल करने की अंतिम तिथि 15 मार्च निर्धारित है। जिले के निकाय 15 मार्च तक डाक्यूमेंट फाइल कर सकते हैं। डीपीएम के मुताबिक भारत सरकार की स्वच्छता सर्वेक्षण टीम दो मार्च से 28 मार्च के बीच निकायों का औचक निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के दौरान निकायों में स्वच्छता की स्थिति पर सरकार को रिपोर्ट करेगी। इस बार का स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान 7500 अंकों पर निर्धारित होगी। इससे पहले निकायों में 6000 अंकों पर ही स्वच्छता सर्वेक्षण कराया जाता रहा है। सर्वेक्षण में एक से सात स्टार तक लाना होगा।
निकायों में चल रहा जागरूकता अभियान
जिले के सभी निकायों में स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान को ध्यान में रखते विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। ईओ, डीपीएम के साथ ही निकायो के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी वार्डो में सुबह वार्डो में जाकर लोगों को सूखा एवं गीला कूड़ा निस्तारण के बारें में जानकारी दे रहे हैं। वाट्सअप ग्रुप के माध्यम से बकायदे इसकी मानिटरिंग भी की जा रही है।
दो दिन बढ़ी डाक्यूमेंट फाइल करने की तिथि
डीपीएम नीरज कुमार के मुताबिक स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान के तहत डाक्यूमेंट फाइल करने की तिथि दो दिन बढ़ाई गई है। पहले फाइल करने की तिथि 25 फरवरी निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर अब 27 फरवरी तक कर दिया गया है।