सोनभद्र मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में शुक्रवार को एचआईवी के प्रति जागरूकता लाने के लिए कार्यशाला आयोजित हुई। सुरक्षा से संपूर्ण सुरक्षा तक की थीम पर हुई कार्यशाला में वक्ताओं ने एचआईवी से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया। एचआईवी की जांच और उसके संक्रमण के साथ भी स्वस्थ जीवन जीने की जानकारी दी।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसके सिंह ने कहा कि एचआईवी से बचाव के लिए सतर्कता बेहद जरूरी है। असुरक्षित यौन संबंधों के अलावा भी इससे संक्रमित होने के कई कारण हैं। ऐसे में इसकी जानकारी हर किसी को होनी चाहिए। विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य में लोगों को जागरूक करने के लिए यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
सीएमएस डॉ. बी. सागर ने कहा कि प्रारंभिक लक्षण दिखते ही एचआईवी की जांच कराएं। इसकी जांच और संक्रमित व्यक्तियों के लिए उपचार की सुविधा निशुल्क उपलब्ध है। इसे छिपाएं नहीं, बल्कि जागरूक होकर जिम्मेदार नागरिक का दायित्व निभाएं।
कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार, डॉ. एसएस पांडेय, डॉ. आरजी यादव, डॉ. जीएस यादव, उप्र राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी के क्लस्टर के जिला कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. रोहित पांडेय, नागेंद्र मणि मिश्रा, संपूर्ण सुरक्षा केंद्र से वरिष्ठ परामर्शदाता सुनील कुमार श्रीवास्तव, मयंक पांडेय, सुनीता पांडेय, अशोक कुमार सिंह, वाचस्पति मिधा आदि मौजूद रहे।