फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अपराजिताः सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं को बताए सुरक्षा के टिप्स, कहा- जो हो ऑफलाइन फ्रेंड, उसे ही बनाएं ऑनलाइन फ्रेंड

विज्ञापन
राबर्ट्सगंज विध्य कन्या महाविद्यालय में अमर उजाला अपराजिता गोष्ठी को संबोधित करते एसपी अमरेंद? - फोटो : SONBHADRA
विज्ञापन
सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बुधवार को विंध्य कन्या पीजी कॉलेज की छात्राओं को सुरक्षा के टिप्स दिए। इंटरनेट के इस्तेमाल में सावधानी बरतने को कहा तो नेम-फेम की ख्वाहिश में किसी के लालच में न आने के लिए भी आगाह किया। उन्होंने छात्राओं से कहा कि इंटरनेट की दुनिया में उसे ही मित्र बनाएं, जो वास्तविक दुनिया में भी उनसे जुड़ा हुआ हो और उसके बारे में वह भली-भांति जानती-समझतीं हों।
विज्ञापन

अमर उजाला के अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत नारी सुरक्षा और सशक्तीकरण पर गोष्ठी में एसपी ने सुरक्षा के विविध पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। साइबर अपराध को वर्तमान की सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए इंटरनेट के इस्तेमाल में पूरी सावधानी बरतने की हिदायत दी। एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया में कोई भी पोस्ट या सूचना साझा करने से पहले उस पर गहनता से विचार करें। आपकी हर सूचना इंटरनेट की दुनिया में सबके लिए उपलब्ध है। अपने डाटा से डिलीट करने पर वह आपको भले ही न दिखे, लेकिन साइबर विशेषज्ञ उसे आसानी से जान सकते हैं। इससे जाने-अनजाने में भी हम अपराधियों का शिकार हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि फेसबुक पर आने वाले तमाम फ्रेंड रिक्वेस्ट को स्वीकारने से पहले यह जरूर देखें कि आप उसे अच्छे से जानते हैं। कई बार किसी परिचित की फोटो का इस्तेमाल कर भी जालसाज फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर जुड़ जाते हैं। फिर गोपनीय सूचनाएं हासिल कर उसका दुरुपयोग करते हैं। लिहाजा अपनी प्रोफाइल को लॉक कर ही रखें। किसी तरह के लालच में न आएं। शारीरिक सशक्तीकरण की अपेक्षा मानसिक सशक्तीकरण जरूरी है। यह शिक्षा और जागरुकता से ही आएगा। पुलिस आपकी मदद के लिए हर वक्त तैयार है, बशर्ते आप अपनी समस्या उनसे कहें। आपकी पहचान को गोपनीय रखते हुए पूरी मदद की जाएगी।
विज्ञापन

बतौर विशिष्ट अतिथि सीओ सिटी राजकुमार त्रिपाठी ने छात्राओं को 1090, 112, महिला हेल्प डेस्क आदि की जानकारी दी। कहा कि रात में अकेले आते-जाते आपको डर लग रहा हो तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। पुलिस पूरी सुरक्षा देगी और सकुशल घर तक पहुंचाएगी। महिला सुरक्षा के लिए कई प्रावधान हैं। इसका लाभ उठाने के लिए महिलाओं को आगे आना होगा। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजली विक्रम सिंह ने धन्यवाद जताया। इस मौके पर प्रबंधक अजय सिंह, प्रभारी कोतवाल विद्यासागर, चौकी इंचार्ज विनय सिंह, आनंद सिंह आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें