नगर में एक बार फिर राख लदा ट्रक खराब होने से सोमवार की देर शाम लंबा जाम लग गया। ट्रक के खराब होने के कारण शुरू हुआ जाम मंगलवार की सुबह तक चलता रहा। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।
रात लगभग नौ बजे राख लदा ओवरलोड ट्रक खाड़पाथर मोड़ के आगे खराब होकर खड़ा हो गया। आधे घंटे बाद हाथीनाला की ओर से आ रहे एक खाली ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। चालक वाहन से कूदकर जंगल में भाग गया। बीच सड़क पर दो ट्रकों के खड़े होने से जाम लग गया। मशक्कत के बाद पुलिस ने क्रेन से खाली ट्रक को हटवाकर एक लेन से आवागमन शुरू कराया। दूसरा वाहन नहीं हटाया जा सका।
मंगलवार की सुबह तक भी जाम न हटने पर पुलिस फिर क्रेन लेकर पहुंची। राख लदे ट्रक का पहिया जाम होने और ओवरलोड होने के कारण सफलता नहीं मिली। बाद में राख खाली कराकर ट्रक को हटाया गया। इस बीच कई अन्य वाहन खराब होकर सड़क पर खड़े हो गए थे। नगरवासियों ने ओवरलोड राख लदी ट्रकों का संचालन बंद करने की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि जब तक राख लगी ट्रकों का संचालन नहीं बंद होता तब तक जाम से निजात नहीं मिल सकती।