म्योरपुर। लुटेरी दुल्हन गैंग के एक और सदस्य को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया कृष्णानंद मौर्य (28) रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बहुअरा गांव का निवासी है। उसके पास से 90 हजार रुपये और बोलेरो बरामद हुई है।
राजस्थान के जालौर निवासी रमेश कुमार की शिकायत की जांच के दौरान म्योरपुर थाने की पुलिस ने बृहस्पतिवार को लुटेरी दुल्हन गैंग का पर्दाफाश था। इस गैंग में दुल्हन बनने वाली मुड़िसेमर निवासी रानी, उसके पति रवि रंजन मौर्य और रानी की मां सुपाचुआ निवासी माया देवी को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने गिरोह के अन्य सदस्य बहुअरा निवासी कृष्णानंद मौर्य और राजू माली के बारे में भी पुलिस को बताया था। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने झारखंड बॉर्डर के पास से कृष्णानंद को गिरफ्तार कर लिया।
म्योरपुर एसओ कमल नयन दुबे ने बताया कि कृष्णानंद लुटेरी दुल्हन गैंग के सदस्य झूठे विवाह के बहाने वर पक्ष से मोटी रकम वसूलने के साथ लूटपाट करते थे। आरोपी ने कबूल किया कि उसने माया घसिया, रानी घसिया और रवि रंजन मौर्य के साथ मिलकर रमेश कुमार की नकली शादी कराई थी। 29 अक्तूबर को रानी से शादी कराने के बाद राॅबर्ट्सगंज के हिंदुआरी के पास रमेश से 10 हजार रुपये नकद, मंगलसूत्र और चांदी की पायल लूट ली थी।
-
राजस्थान तक जुड़े हैं गैंग के तार
गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि गैंग का सरगना राजस्थान निवासी राजू माली है, जो शादी के इच्छुक युवाओं को अपने जाल में फंसाता है। कई लोगों से फर्जी शादी के नाम पर ठगी की जा चुकी है। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।