बभनी। चपकी स्थित इंडियन बैंक की दुर्व्यवस्था से ग्रामीण आजिज हैं। बैंक आधार लिंक, पास बुक प्रिंट जैसी समस्याओं को लेकर ग्रामीण साल भर से बैंक का चक्कर लगा रहे हैं। बावजूद इसके कोई सुनवाई नहीं हो रही है। करीब एक माह से बगैर शाखा प्रबंधक के ही बैंक का संचालन हो रहा है। आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदर्शन किया और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
चपकी स्थित इंडियन बैंक पिछले एक वर्ष से दुर्व्यवस्था का शिकार है। उपभोक्ता भी बैंक छोड़ने तक को मजबूर हो रहे हैं। सोमवार को चपकी स्थित इंडियन बैंक की शाखा पर ग्रामीणों ने नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि एक वर्ष से आधार लिंक नहीं हो रहा है। खाता खुलने के बाद पासबुक नहीं दिया जा रहा है। पास बुक प्रिंटर साल भर से खराब है। 20 से 30 किमी दूर से ग्रामीण बैंक आते हैं और फिर वापस चले जाते हैं। सोमवार को चपकी बैना, तेंदुअल, डुमरहर, अरझट, भलपहरी सेंदुर से आए ग्रामीण अनीता, अरविंद, संकठा, कांती केकन, अर्जुन, फुलकवर, सुनीता, मैनपुरी, महेश, राम सजीवन, संझरिया, जवाहिर, गीता, आरती, अतवरिया, गीता, रजपतिया, कबुतरी, छोटेलाल, श्यामलाल, कमलापति, सूरजलाल, हरिकिशुन, इंद्रमणी, हीरमन ने बताया कि आधार लिंक कराने के लिए एक वर्ष से चक्कर लगा रहे हैं लेकिन आधार लिंक नहीं हुआ। सहायत शाखा प्रबंधक पवन कुमार सिंह का कहना है कि समस्याओं के बारे में अवगत कराया गया है। उच्चाधिकारियों को विभागीय पत्र भेजा जा रहा है।