राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 75 ई के डिबुलगंज में मिट्टी और कचरे से जाम पड़ा नाला व पुल। संवाद
अनपरा। कुछ ही दिनों में मानसून आने वाला है, लेकिन अभी तक राष्ट्रीय राजमार्ग के नीचे से बरसाती पानी के निकास के लिए बने नाले की सफाई नहीं कराई गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग रीवा-रांची हाईवे के सिंगरौली बार्डर से लेकर रेणुकूट के बीच में करीब 24 से अधिक पहाड़ों से होकर आने वाले बरसाती पानी की निकासी के लिए नाला और उस पर पुल बनाया गया था, लेकिन हाल के कुछ वर्षों में कुछ पुल मिट्टी से पूरी तरह चोक हो चुके हैं। इससे बरसात के दिनों में बारिश का पानी पुल और नालों से होकर नही निकल पा रहा है।
सबसे ज्यादा समस्या दुल्लापाथर में बरात घर के पास, कुबरी मोड़, डिबुलगंज, बैरपान, मड़ैया, गाढ़ा बैरियर के पहले है। गाढ़ा बैरियर के पहले पुलिया जाम होने के कारण हर वर्ष वहां का हाईवे पूरी तरह डूब जाता है। इस कारण मालवाहक वाहनों सहित सवारी वाहनों का आवागमन भी पूरी तरह बंद हो जाता है। बैरपान में भी सही स्थिति हो जाती है। पुल से जलनिकासी नहीं होने के कारण सड़कें टूट कर गड्ढे बन गए हैं और सड़क के किनारे की मिट्टी भी कट गई है। इससे बड़ी दुर्घटना का भी खतरा बना हुआ है। लोगों ने मानसून से पूर्व सभी नालों की सफाई कराने की मांग की है।
-
ठेकेदार को निर्देश दे दिए गए हैं। 31 मई से पुल की सफाई कार्य शुरू हो जाएगी। साथ ही जहां जलभराव की समस्या है उसके उपाए भी किए जाएंगे। -इं.डीपी सिंह, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग 75 ई।