हादसे में मृत पाइप फिटर अखिलेश यादव। - फाइल फोटो
सोनभद्र। राॅबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मधुपुर की कोइलहिया बस्ती में शुक्रवार की रात पाइप फिटर हिनौता निवासी अखिलेश यादव (28) की जेसीबी-मैजिक के बीच दबकर मौत हो गई। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। कुछ लोगों ने निर्माण कार्य करा रही कंपनी के एक प्रतिनिधि को थप्पड़ भी जड़ दिए। सांसद छोटेलाल खरवार ने कंपनी के प्रतिनिधि के जरिये उनके जीएम से बात की। साथ ही 10 लाख की आर्थिक मदद तत्काल और 10 लाख की मदद दो दिन बाद देने की बात कही।
राॅबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के हिनौता निवासी अखिलेश यादव (28) हर घर नल योजना के जरिये ग्राम पंचायत स्तर पर पाइप फिटिंग करता था। उसके हुनर को देखते हुए हर घर नल के लिए पाइप लाइन बिछा रही कंपनी ने भी उसे अपने से जोड़ रखा था।
सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के मधुपुर ग्राम पंचायत स्थित कोइलहिया बस्ती से गुजरी पाइप लाइन का एक हिस्सा अलग होकर गिर गया था। शुक्रवार की शाम उसी को फिट करने के लिए उसे ले जाया गया था।
पाइप फिट करने के बाद रात करीब आठ बजे टूल सुरक्षित रखने के साथ वह घर जाने की तैयारी कर रहा था। वह जिस जगह खड़ा था, उसके एक तरफ जेसीबी और दूसरी तरफ मैजिक खड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक मैजिक ने उसे तेजी से उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह जेसीबी से टकरा गया। इससे उसे सिर और सीने में गहरी चोट लगी। आनन-फानन उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अखिलेश की दो साल पहले शादी हुई थी। उसे एक साल का बेटा है।