जिले में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का उत्पात जारी है। सर्चिंग पर निकले सुरक्षा बलों पर नक्सली घटना को लेकर जिले में पुलिस अलर्ट हो गई है। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह के निर्देश पर सीमावर्ती इलाकों में पुलिस ने कांबिंग तेज कर दी है।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में शनिवार को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। ये मुठभेड़ उसूर ब्लॉक के तिम्मापुर से लगे पुतकेल के जंगलों में हुई। इस मुठभेड़ में झारखंड के सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट शहीद हो गए। वहीं एक जवान भी जख्मी हुआ है। सीआरपीएफ टीम सर्चिंग पर निकली थी तभी नक्सलियों ने हमला कर दिया था। फोर्स पर हमले के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस प्रशासन नक्सलियों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। रविवार को भी बार्डर से सटे छत्तीसगढ़ के इलाके में फोर्स नक्सलियों की तलाश में जुटी रही। ऐसे में वहां की पुलिस से बचने के लिए पूर्व के भांति नक्सली सीमावर्ती इलाकों में शरण न लेने पाएं इसे लेकर जिले की फोर्स अलर्ट हो गई है। एएसपी नक्सल एएसपी विजय शंकर मिश्रा ने कहा कि पड़ोसी राज्य में नक्सली घटना को देखते हुए बार्डर पर सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी कर दी गई है। कहा कि नक्सल इलाकों में सघन कांबिंग जारी है और जंगली रास्तों पर भी फोर्स पैनी नजर रख रही है।