ओबरा में यूक्रेन से पहुंचे अक्षत को मिठाई खिलाते माता पिता।
- फोटो : SONBHADRA
यूक्रेन में मेडिकल की पढ़ाई करने गया नगर का छात्र अक्षत गुप्ता बृहस्पतिवार की शाम घर पहुंच गया। उससे मिलने के लिए घर पर मित्रों और शुभचिंतकों का तांता लगा रहा। इस दौरान बेटे की वतन वापसी और घर पहुंचने की खुशी में माता प्रीति गुप्ता व पिता अनिल कुमार गुप्ता ने लोगों को मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की।
अक्षत गुप्ता ने बताया कि वोकजाल रेलवे स्टेशन से पिसोचिन जाते वक्त चेक पोस्ट पर यूक्रेनी फौज हाथ में तिरंगा देखने पर नहीं रोकती थी। वे पिसोचीन से बस से 1000 किमी का सफर तय कर रोमानिया बार्डर पहुंचे। यह दूरी तय करने में उन्हें 26 घंटे का वक्त लगा। लंबा सफर तय कर जब वह बार्डर पर पहुंचा तो भारत सरकार के स्पेशल विमान से उसे दिल्ली लाया गया। दिल्ली में ठहरने और खाने के लिए व्यवस्था थी। दिल्ली से घर के नजदीकी रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में उन्हें कोई खर्च नहीं देना पड़ा। ओबरा पहुंचे अक्षत ने सरकार को धन्यवाद दिया।