तीन दिन पूर्व चोपन थाना क्षेत्र के पटवध गांव में डूबे अंकित जायसवाल का शव शुक्रवार को कनछ मुड़कट्टा गांव के पास नदी में उतराया मिला। इसकी जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि 13 अप्रैल की दोपहर को चोपन थाना क्षेत्र के पटवध गांव के अंकित जयसवाल (14) पुत्र सुरेश जायसवाल अपने गांव के सोन नदी में स्नान करने के दौरान वह गहरे पानी में समा गया। उसी दिन से परिवार के लोग गोताखोरों की मदद से बालक की तलाश कर रहे थे लेकिन कुछ पता नहीं चल सका था। शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे कुछ लोगों ने कनछ मुड़कट्टा के समीप नदी में अंकित का शव उताराया देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर एकत्र कुछ लोगों ने शव की पहचान अंकित के रूप में कर परिवार के लोगों को सूचित किया। थानाध्यक्ष केके सिंह ने कहा कि शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।