कलेक्ट्रेट सभागार में मिशन शक्ति नारी सुरक्षा -नारी सम्मान कार्यक्रम को संबोधित करते डीएम एस रा?
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिले में नारी सुरक्षा-नारी सम्मान अभियान 17 अक्तूबर से शुरू होगा। इसकी सफलता के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार मेें हुई बैठक में डीएम एस. राजलिंगम ने कहा कि महिला एवं बाल अपराध के मामलों में पैरवी मजबूती से हो ताकि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हो सके। कहा कि प्रमुख स्थानों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम से लोगों को जानकारी दी जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि 17 अक्तूबर को 11 बजे से जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की मौजूदगी में मिशन-शक्ति-नारी सुरक्षा-नारी सम्मान अभियान का आगाज होगा। शारदीय नवरात्र से बासंतिक नवरात्र तक चलने वाले इस अभियान को शुरू करके नारी सम्मान के लिए जन आंदोलन का रूप दिया जाए। उन्होंने अभियान को प्राथमिकता के आधार पर चलाने का निर्देश दिया। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन तथा महिला अपराध तथा बाल अपराध के सम्बन्ध में जागरूकता पैदा करने के लिए माह के एक सप्ताह में खास कार्यक्रम आयोजित करें।
पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि इस अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने का प्रशिक्षण, सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस विशेष अभियान में टीम बनाकर रोल मॉडल का चयन किया जाए। कहा कि लैंगिक आधारित संवेदीकरण, ध्वनि संदेश, साक्षात्कार, ट्रेनिंग व ग्राम स्तरों के साथ ही थानों, ग्राम स्तर से लेकर घर-घर तक महिला सशक्तीकरण के लिए लोगों को जागरूक किया जाए।
सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा ने कहा कि 112 उत्तर प्रदेश इमरजेंसी सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन, 181 वूमेन हेल्प लाइन आदि का बेहतर उपयोग महिला सशक्तीकरण के लिए किया जाए। सदर एसडीएम केएस पांडेय, घोरावल उपजिलाधिकारी जैनेद्र सिंह, ओबरा एसडीएम प्रकाश चंद्र, दुद्वी एसडीएम रमेश कुमार मौजूद रहे।