पिछले दिनों हुई हल्की बारिश से ही राबर्ट्सगंज समेत कई कस्बों में जलजमाव हो गया। मामला संज्ञान में आने पर डीएम चंद्र विजय सिंह ने नगर पालिका राबर्ट्सगंज और सभी नगर पंचायतों के ईओ को मानसून आने से पहले सभी नाले और नालियों की सफाई कराने का निर्देश दिया है। निर्धारित समयसीमा के भीतर सफाई न कराने वाले ईओ के खिलाफ कार्रवाई होगी।
जिले की इकलौती नगर पालिका राबर्ट्सगंज के विकास नगर, नई बस्ती, पूरब मोहाल, दीप नगर समेत अन्य मोहल्ले की अधिकांश नालियां बजबजा रही हैं। हल्की बारिश होने पर सड़कों पर पानी एकत्र हो जाता है। यहीं हाल नगर पंचायत घोरावल, चुर्क-गुरमा, ओबरा, चोपन, रेणुकूट, डाला, अनपरा, पिपरी और दुद्धी की अधिकांश गलियों का है। अत्यधिक बारिश होने पर नाबदान और बारिश का पानी कई लोगों के घरों में घुस जाता है। मजबूरी में सड़कों पर जमे गंदे पानी में से लोगों को आना-जाना पड़ता है। पिछले साल बरसात के दिनों में पानी के चलते कई मकान गिर गए थे। हालांकि डीएम ने नगर पालिका और नगर पंचायतों के ईओ को मानसून आने से पहले अपने-अपने क्षेत्र के नाले और नालियों की साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया है ताकि अत्याधिक बारिश होने पर जलनिकासी की समस्या से लोगों को न जूझना पड़ें। एडीएम आशुतोष दूबे ने कहा कि नाले और नालियों की साफ-सफाई कराने में लापरवाही बरतने वाले ईओ समेत अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।