दुद्घी के धनौरा पं.दीनदयाल उपाध्याय स्मृति उपवन में समारोह को संबोधित करती खनन मंत्री अर्चना पांडेय।
यूपी की भूतत्व, खनिकर्म, आबकारी एवं मद्यनिषेध राज्यमंत्री व जिले की प्रभारी मंत्री अर्चना पांडेय ने कहा कि जिले में अवैध खनन और ऊंची दर पर गिट्टी, बालू बिकने की शिकायतें मिली हैं। इसको लेकर अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। अवैध खनन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगा। खनन बैरियरों की स्थापना को लेकर अफसरों से जानकारी ली जाएगी। गिट्टी-बालू सस्ती हो इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। कलेक्ट्रेट में बुधवार को पत्रकार वार्ता में प्रदेश सरकार की सौ दिन की उपलब्धियों को गिनाया।
कहा कि यह पहली सरकार है जिसने अपने सौ दिन के कार्यों की प्रगति रिपोर्ट जनता के सामने रखने का साहस किया। समान रोस्टर से बिजली आपूर्ति, वीआईपी कल्चर का खात्मा, 31 मार्च 2016 तक के 86 लाख किसानों के एक लाख तक के कर्ज माफी, अवैध बूचड़खानों को बंद करने, भ्रष्टाचार बंद करने के लिए ई-टेंडरिंग, एंटी रोमियो, एंटी भू-माफिया आदि योजनाओं के बारे में जानकारी दी। रोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार नई औद्योगिक विकास नीति लेकर आई है। अधिकारी अपराध न होने दें और अपराधियों पर हर हाल में कार्रवाई करें। कहा कि बुंदेलखंड की तर्ज पर सोनभद्र में पेयजल और सिंचाई के क्षेत्र में काम होगा।
किसानों को सिंचाई की सुविधा के साथ ही गर्मी के दिनों में भी पानी का संकट न हो इस पर काम किया जाएगा। पर्यटन की दृष्टि से जिले का विकास कराया जाएगा। उन्होंने सलखन फासिल्स पार्क, शिवद्वार, मुक्खाफाल, ओम पर्वत खोड़वा पहाड़ी आदि के विकास के लिए जल्द कार्य कराने की बात कही। अवैध खनन और मशीनों से खनन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत उन्हें मिली है। गुरुवार को समीक्षा बैठक होगी। चेतक कंपनी द्वारा सड़कों का निर्माण अधूरा छोड़े जाने के सवाल पर कहा कि ठेकेदार को बुुलाकर बात की जाएगी और समस्या का हल निकाला जाएगा।