सोनभद्र के म्योरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात हादसा हो गया। हादसे में सरिया बांध रहे नौ श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें चार की हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद डिविजन के गढ़वा से चोपन रेलखंड पर रेलवे लाइन के दोहरीकरण कार्य चल रहा है। श्रमिक सरिया बांधने का काम कर रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। जिसमें नौ श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल श्रमिकों को उपचार के लिए हिंडालको स्थित चिकित्सालय में भर्ती किया गया, जहां से चार की हालत को गंभीर देखते हुए वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के रनटोला रेलवे स्टेशन के पूर्वी हिस्से में स्थित पुल संख्या-35 के निर्माण के लिए सोमवार की रात को लगाई गई शटरिंग और उस पर बिछाई गई सरिया अचानक गिर गई। हादसे में नाइट शिफ्ट में काम कर रहे नौ श्रमिक उमेश (24), मुन्नालाल (22), अक्षय (26) और सोनू (22), उमेश पाल (30), राज कुमार (28), आनंद (32), रोशन (27) और श्याम किशोर (34) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे लाइन दोहरीकरण के कार्य का ठेका लेने वाली कंपनी पेटी कांट्रैक्टर के जरिए निर्माण कार्य करवा रहे हैं। प्रधान दिनेश जायसवाल ने घटना को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कंपनी लगातार श्रमिकों के शोषण और उनके सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है। हादसे की जानकारी के बाद एसडीएम प्रमोद कुमार तिवारी, तहसीलदार ज्ञानेंद्र यादव तथा थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार त्रिपाठी ने दोपहर बाद घटनास्थल का जायजा लिया है।