बभनी। अंबिकापुर-बभनी मुख्य मार्ग पर बृहस्पतिवार को परसाटोला के समीप बिजली पोल से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक सवार ससुराल जा रहा था। हेलमेट नहीं पहनने के कारण उसे सिर में गंभीर चोट आई।
चैनपुर निवासी नन्हकू अगरिया (45) अपने घर से बाइक लेकर छिपिया स्थित ससुराल जाने के लिए निकले थे। परसाटोला तिराहे के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट आने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना होते ही आसपास के लोग वहां इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने सूचना तत्काल परिजनों को दी। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र द्विवेदी, एसआई तेज बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।
मजदूरी कर नन्हकू चलाता था घर का खर्च
क्षेत्र के परसाटोला तिराहे के समीप सड़क हादसे में नन्हकू की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। पति की मौत से पत्नी राजकुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई ने बताया कि नन्हकू के चार लड़के और पांच लड़कियां हैं। वह अपने घर पर फावड़ा, कुदाल, टांगी, हल के फार को बना व बेचकर और गांव में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। प्रत्येक भाइयों के हिस्से में मात्र 15 बिस्वा जमीन है। उसी से परिवार का गुजारा होता है।