सोनभद्र। जिले के रास्ते पशु तस्करी में संलिप्त सात बदमाशों पर एसपी ने इनाम घोषित किया है। इसमें तीन बिहार के रहने वाले हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें भी गठित की गई हैं और सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई गई है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बहुअरा गांव निवासी हजरत पर दस हजार, करमा के खुटहनिया निवासी साहिबे आलम पर दस हजार, यहीं के खुर्शीद अली पर 25 हजार रुपये, गुड्डू उर्फ जमशीद पर 10 हजार का इनाम घोषित किया गया है।
इनके अलावा बिहार के कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के झरिया निवासी बलवंत यादव, विकास यादव, निरंजनपुर निवासी भगवान यादव पर 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। एसपी ने बताया कि इनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने लोगों से भी तस्करों के बारे में सूचना देने की अपील की। कहा कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
-