सोनभद्र। चतरा विकास खंड के ग्राम सभा बगही का लोहिया समग्र गांव की सूची से नाम कटने का मामला गरमाने लगा है। शुक्रवार को आल सोनांचल स्टूडेंटस के जिलाध्यक्ष संजय दुबे के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने लोहिया समग्र गांव की सूची में गांव का नाम शामिल न करने पर आर पार की लड़ाई लड़ने का एलान किया। इस दौरान जुलूस की शक्ल में ग्रामीण मुख्यालय पहुंच कर मांगों से संबंधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
सभा को संबोधित करते हुए संजय दुबे ने कहा कि पूर्व में बगही गांव लोहिया समग्र गांव के रूप में चयनित था। पिछले विधानसभा चुनाव में अधिकांश मतदाताओं ने सपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर जीत का सेहरा बांधा। लेकिन कुछ लोगों ने साजिश के तहत लोहिया समग्र गांव की सूची से बगही गांव का नाम कटवा दिया। जबकि गांव में सबसे अधिक पिछड़ी जाति के लोग निवास करते हैं। कहा कि विगत सप्ताह सूची में नाम शामिल करने के लिए अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया था,लेकिन कोई कार्रवाई नही की गई। मजबूर होकर आंदोलन की राह पकड़नी पड़ रही है। वक्ताओं ने कहा कि सूची से नाम गायब करा कर ग्रामीणों का उत्पीड़न किया जा रहा है, इसे कदापि बर्दाश्त नही किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर राजधानी में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर अधिकारियों के कार्य प्रणाली को अवगत करा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में विजय बहादुर, राजू, लालजी, राम अधार, संदीप, रमेश, रामगति, मुरली विश्वकर्मा, शिवशंकर विश्वकर्मा, हरेंद्र सिंह, धीरेंद्र पांडेय, धमेंद्र मौर्या, रमापति, राजेश,रामनारायण, विनोद पाठक, अमृश, जितेंद्र पांडेय, मनोज शर्मा, हरेंद्र सिंह, मुरली, अजय, हीरालाल, जगदीश, लालजी, अशोक आदि मौजूद थे।