सोनभद्र। सपा कार्यालय पर सोमवार को दर्जनों चौकीदार मानदेय बढ़ाने से संबंधित ज्ञापन लेकर पहुंचे। इसके पूर्व राबर्ट्सगंज नगर में स्थित दंडईत बाबा मंदिर परिसर में चौकीदारों ने बैठक कर जुलूस की शक्ल में सपा कार्यालय पहुंचे। चौकीदारों ने मांगों से संबंधित जिलाध्यक्ष श्यामबिहारी यादव को ज्ञापन सौंपा। चौकीदारों ने मानदेय न बढ़ने से होने वाली समस्याओं को अवगत कराते हुए सीएम का ध्यान आकृष्ट कराया है।
चौकीदारों ने कहा कि नाममात्र का मानदेय मिल रहा है, जिससे विभिन्न प्रकार की मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में मानदेय बढ़ाने के लिए सीएम, विधायकों को कई बार ज्ञापन दिया गया। लेकिन अभी भी समस्या जस की तस है। कहा कि सभी चौकीदार अपने कार्यों को कर रहे हैं। बावजूद इसके उनकी उपेक्षा की जा रही है। वर्ष 2012 के विधान सभा चुनाव में सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चौकीदारों के हित में कार्य करने का आश्वासन दिया था। पूर्व जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव ने चौकीदारों को उनकी समस्याएं मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। कहा कि सपा सरकार सभी जाति, धर्म के लोगों को अधिक से अधिक लाभ देने का कार्य कर रही है। ऐसे में पूर्व विश्वास है कि चौकीदारों की समस्याएं दूर होगी। इस मौके पर सपा नेता विजय यादव, कमलेश यादव, रोशन खां, रामबली, रामलाल, लालजी, आदित्य, बबलू, रामकेवल, रामजी, निरंजन, मोहन, रामजी, दशरथ आदि मौजूद थे।