सोनभद्र। सोनांचलवासी हर्षोल्लास के साथ धनतेरस पर्व मनाने के बाद सोमवार को दीपावली की धूम रही। दिवाली के सामान खरीदने में लोग जुटे रहे। शाम होते ही बाजार में चलने की जगह नहीं रही। दुकानों के सामने ग्राहकों का रेला लगा रहा। मिट्टी के नए-नए माडल के बने गणेश, लक्ष्मी की प्रतिमाओं को देख भक्त निहाल हो जा रहे थे। मिट्टी के दिए, बाती की खरीदारी जमकर हुई। जेवर और कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
राबर्ट्सगंज नगर में दोपहर बाद ग्राहकों के आने-जाने का सिलसिला शुरू हुआ। देखते ही देखते धर्मशाला चौक से रेलवे फाटक, बढ़ौली चौक से चंडी तिराहे तक के जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। शीतला मंदिर के समीप मिट्टी के दीये की खरीदारी के लिए ग्राहकों की लाइन लगी रही। रामलीला परिसर में स्थित लाई, चूरा, चीनी की बनी मिठाई आदि सामान लेने के लिए ग्राहकों का मजमा लगा रहा। कई प्रकार के मिट्टी की लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा बिक रही थी। हर कोई अपनी जेब के हिसाब से मूर्तियों को पूजा करने के लिए खरीद रहा था। कस्बे में स्थित अधिकांश कपड़े, जेवर की दुकानों पर ग्राहक खरीदारी करते देखे गए। बाजार में ठसाठस भीड़ को देख कर दिवाली पर्व के महत्व का अंदाजा लग रहा था। हालांकि दुकानदारों का कहना रहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष दीवाली पर ग्राहकों की काफी भीड़ कम है। इसी तरह से शाहगंज, रामगढ़, मधपुर, रामगढ़, चोपन कस्बे में आसपास के गांवों के ग्रामीण खरीदारी करने में मशगूल रहे। दुरूह-नक्सल क्षेत्र के रहवासी दो बजे तक सामानों को खरीद कर वापस होने लगे थे।