सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर शनिवार की रात करीब एक बजे अनियंत्रित ट्रक ने विद्युत पोल में टक्कर मार दी। इस टक्कर से विद्युत पोल टूट गया तथा विद्युत आपूर्ति लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। जिससे आधे नगर की बिजली गुल हो गई। यह संयोग ही था कि ट्रक बाल-बाल बच गया और उसमें आग नहीं लगी। रविवार को दिन भर विभागीय कर्मचारी इसे ठीक करने में लगे रहे। गर्मी में बिजली गुल होने से नगर के लोग बिलबिला गए।
वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग के किनारे से ही नगर में आपूर्ति के लिए विद्युत लाइन गुजरी है। यही नहीं विद्युत पोलों पर लगे स्ट्रीट लाइटों से हाइवे रोशन होता है। शनिवार की रात करीब एक बजे वाराणसी की तरफ जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर बढ़ौली चौराहे के समीप विद्युत पोल से टकरा गया। तेज टक्कर होने की वजह से विद्युत पोल के तार टूट कर सड़क पर गिर गया तथा नगर के आधे हिस्से की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। यह संयोग ही था कि तार ट्रक पर नहीं गिरा, अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी। रात में विद्युत कटौती को लोगों ने सामान्य माना, लेकिन सुबह तक बिजली नहीं आयी, तो लोग चिंतित हो गए। सुबह बिजली आपूर्ति नहीं होने से पानी आपूर्ति भी बाधित हुई। लोगों की सूचना पर रविवार को विभागीय कर्मचारियों ने अस्थायी तौर पर आपूर्ति शुरू कर दी। दोपहर में कुछ घंटे आपूर्ति हुई भी लेकिन अपराह्न करीब तीन बजे एक बार फिर बिजली काट दी गई तथा कर्मचारियों ने पोल बदलने का काम शुरू कर दिया। देर रात तक पोल और तार बदलने का काम चल रहा था तथा बिजली आपूर्ति ठप रही। इस भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति बंद होने से लोग बिलबिला गए। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही से नागरिकों को आए दिन विद्युत अनापूर्ति का दंश झेलना पड़ता है।