बभनी। स्थानीय थाना क्षेत्र के सवरा गांव के समीप रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर रविवार की सुबह सात बजे ट्रक के बचने के चक्कर में एक कार पुल के नीचे 25 फुट गहरी खाई में चली गई। इस हादसे में कार में सवार तीन लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। सभी घायलों को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
इलाहाबाद के सिविल लाइंस रोड निवासी भल्ला (25) पुत्र भइयालाल, शशि (26) पुत्र मोहन लाल और मांडा निवासी अखिलेश सिंह (30) पुत्र महेन्द्र सिंह कार से किसी काम से अंबिकापुर जा रहे थे। वे सुबह करीब सात बजे से रेणुकूट-अंबिकापुर मार्ग पर सवरा गांव के समीप पुलिया पर पहुंचे थे तभी सामने से एक ट्रक आ गया। ट्रक से बचने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 25 फुट नीचे नदी में गिर गई। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आननफानन में आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचित किया और कार सवारों को बचाने की जुगत में लग गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई तथा कार में सवार तीनों को जख्मी हाल में बाहर निकाला और इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां तीनों की हालत गंभीर है।