जिले में कोरोना संक्रमण के 93 नए मामले आए हैं। सबसे ज्यादा म्योरपुर के 48 केस हैं। इसके अलावा राबर्ट्सगंज में 30, चोपन सात, दुद्धी में तीन और घोरावल में पांच मरीज मिले हैं। जनपद न्यायालय में कार्यरत रीडर समेत चार कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित होने के बाद न्यायालय परिसर को 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। मामलों की सुनवाई वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए होगी। अब न्यायालय 24 जनवरी को खुलेगा।
जनपद न्यायालय सोनभद्र में तैनात रीडर, दो जूनियर असिस्टेंट, एक चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी बृहस्पतिवार को कोरोना पॉजीटिव मिले। जनपद न्यायाधीश अशोक कुमार यादव ने जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को इस संबंध में पत्र भेजा है। अवगत कराया गया है कि सोनभद्र बार एसोसिएशन ने प्रस्ताव दिया है जिसमें 48 घंटे के लिए जनपद न्यायालय परिसर को सील कर सेनेटाइजेशन कराने की मांग की गई है। आदेश के पत्र की प्रति इलाहाबाद हाईकोर्ट, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, जेल अधीक्षक, बार एसोसिएशन आदि को भेजी गई है।