शक्तिनगर। पावर प्रोजेक्ट के कई आवासीय परिसरों की पेयजल आपूर्ति ठप होने से रहवासी पानी के लिए तरस गए। शनिवार शाम छह बजे से पेय जल आपूर्ति ठप है जो कि सोमवार शाम तक बहाल नहीं हो पाई इस समस्या को लेकर लोगों में खासी नाराजगी है। कोटा स्थित पुरानी सीआईएसएफ कालोनी, एनपीसीसी, एचएससीएल कालोनी व जवाहर नगर पुनर्वास क्षेत्र में पावर प्रोजेक्ट द्वारा सुबह व शाम जलापूर्ति की जाती है। शनिवार शाम आपूर्ति नहीं हुई तो रहवासी जैसे तैसे काम चला लिए लेकिन दूसरे व तीसरे दिन एक बूंद पानी की सप्लाई नहीं होने से नहाना धोना तो दूर लोग पीने के पानी के लिए तरस गए। इसके बावजूद कोई जिम्मेदार समस्या को लेकर कुछ बता नहीं पाया।
प्रोजेक्ट के आवासीय परिसरों में जलापूर्ति बीते दो माह से लड़खड़ा रही है। कभी लो प्रेशर से कम आपूर्ति तो कभी गंदे पानी की सप्लाई के साथ पूरी आपूर्ति ठप। इस बात को लेकर विद्युत विहार व्यापार मंडल के पदाधिकारी धर्मेंद्र केडिया सहित कई लोगों ने अधिकारियों के सामने आपत्ति दर्ज कराई लेकिन व्यवस्था सुधरने के बजाए बिगड़ती गई। आपूर्ति व्यवस्था सेे जुड़े कर्मचारियों की माने तो पावर प्रोजेक्ट के अंदर लगे पंपों के जरिए रिहंद जलाशय का पानी उठाकर कर हेलीपैड पर बने फिल्टर प्लांट भेजा जाता है। फिर फिल्टर पानी को रहवासी क्षेत्रों में आपूर्ति किया जाता है लेकिन प्लांट के अंदर से पानी नहीं आने के चलते माह भर से समस्या बनी हुई है। इस समस्या से कोटा के साथ ज्वालामुखी आवासीय परिसर के लोग भी दो चार हो रहे हैं। एनटीपीसी सिंगरौली, नगर पंचायत अपर महाप्रबंधक, सुदीप कुमार मन्ना ने बताया कि प्लांट के अंदर बने पंप हाउस में आई खराबी के वजह से जलापूर्ति नहीं हो पाई। खराबी ठीक कर ली गई है और जल्द ही आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।