घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के धरसड़ा गांव में सोमवार को ऑटो से हुई भिड़ंत में बाइक सवार दो कांवरियों समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। यहां दो घायलों को मिर्जापुर मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया। विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र के सोनबरसा निवासी विकास कुमार बिंद (19) पुत्र लालजी बिंद और उसका चाचा केदारनाथ बिंद (32) पुत्र शिव बिंद रविवार को मिर्जापुर में गंगा नदी के बरियाघाट से कांवड़ में गंगाजल भरकर शिवद्वार के लिए प्रस्थान किए। सोमवार को शिवद्वार मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के बाद दोपहर करीब 12 बजे दोनों लोग अपने पड़ोस के गांव के ही करीब 30 वर्ष के एक अज्ञात व्यक्ति के साथ बाइक पर बैठकर अपने घर वापस लौटने लगे। धरसड़ा गांव में बेलन नदी के पास एक गाड़ी से पास लेने के दौरान बाइक सवार तीनों लोगों की सामने से आ रहे ऑटो से टक्कर हो गई। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।