कोरोना की तीसरी लहर का असर बच्चों पर भी दिखने लगा है। पिछले 24 घंटे में मिले 80 नए मरीजों में तीन बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा 11 से 20 आयु वर्ग में भी पांच नए मरीज मिले हैं। नए मरीजों में सबसे ज्यादा म्योरपुर के ही हैं। यहां 55 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है, जबकि राबर्ट्सगंज में 12 मरीज मिले हैं। इसके अलावा चोपन से छह, घोरावल और चतरा में तीन-तीन, नगवां से एक मरीज पाया गया है। सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
कोरोना के संक्रमण में अब तक सबसे ज्यादा युवा वर्ग के लोग की संक्रमित पाए जाते रहे हैं। अब बच्चों पर भी इसका असर बढ़ने से लोगों की चिंताएं भी बढ़ने लगी हैं। हालांकि इसके बाद भी लापरवाही कम नहीं हो रही। बाजारों में भीड़भाड़ के बीच लोग बिना मास्क के ही घूमते दिख रहे हैं। सोशल डिस्टेंस का कहीं पालन नहीं हो रहा। पुलिस-प्रशासन की ओर से भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने में खास मशक्कत नहीं की जा रही। इससे भी मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इस लहर में अब तक 575 नए केस सामने आ चुके हैं। इसमें 539 मामले अभी सक्रिय हैं। सीएमओ डॉ. रमेश सिंह ठाकुर ने बताया कि मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। उनके संपर्क में आए लोगों की जांच कराई जा रही है।
महाभियान में 14330 को लगा टीका
टीकाकरण अभियान को एक वर्ष पूरा होने पर रविवार को महाअभियान चलाया गया। इसके तहत सभी स्वास्थ्य केंद्रों और गांवों में कैंप लगाकर टीके लगाए गए। अभियान में कुल 14330 लोगों को टीका लगाया गया। इसमें 15-17 आयु वर्ग वालों की संख्या करीब 1800 रही। टीकाकरण को गति देने के लिए नोडल अधिकारी जुहेर बिन सगीर, डीएम टीके शिबू सहित अन्य अफसरों ने पूरे दिन विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर जायजा लिया। मातहतों को कड़े निर्देश दिए।
स्कूल-कॉलेज बंद, चालू रहेंगी ऑनलाइन कक्षाएं
कोरोना के बढ़ते असर को देखते हुए शासन ने सभी स्कूल-कॉलेजों को 23 जनवरी तक के लिए बंद रखने का आदेश दिया है। मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र की ओर से जारी आदेश को डीएम ने सख्ती से लागू कराने का निर्देश दिया है। डीएम टीके शिबू ने बताया कि पत्र के तहत सभी शिक्षण संस्थान अब 23 जनवरी तक पूरी तरह बंद रहेंगे। सिर्फ ऑनलाइन पढ़ाई कराई जा सकेगी। पहले यह आदेश 16 जनवरी तक के लिए ही था।