घाटे से जूझते बिजली विभाग ने बकाया वसूली के लिए अभियान तेज कर दिया है। सोमवार एमडी के निर्देश पर लाखों रुपये के बकायेदार सरकारी विभागों के कनेक्शन काटे गए। पूरे जिले में 77 कनेक्शन काटे गए हैं। इसमें 32 पेयजल परियोजनाओं के कनेक्शन को कुछ देर बाद जोड़ दिया गया। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बिजली विभाग के एक्सईएन एसके सिंह के मुताबिक विभिन्न सरकारी विभागों पर करोड़ों रुपये का बिजली बिल बकाया है। कई बार पत्राचार के बाद भी भुगतान न करने पर सोमवार को उनके कनेक्शन काटे गए। इसमें वन विभाग, सिंचाई, जलनिगम और शिक्षा विभाग के ज्यादातर कनेक्शन हैं। सर्वाधिक 32 कनेक्शन पेयजल परियोजनाओं के थे। इसके अलावा 12 परिषदीय विद्यालय, दुद्धी मंडी समिति का भी एक कनेक्शन शामिल है। इसके अलावा पांच किलो वाट से अधिक के कनेक्शनधारियों के कनेक्शन काटे गए हैं। एक्सईएन ने बताया कि पर्व के मद्देनजर सभी पेयजल परियोजनाओं के कनेक्शन जोड़ दिए गए, लेकिन संबंधित विभाग को शीघ्र भुगतान के लिए कहा गया है। बिजली का बिल जमा न करने वाले अन्य विभागों के भी बिजली आपूर्ति शीघ्र काटी जाएगी।