सोनभद्र। चोपन पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लग्जरी कार से 76.5 किलो गांजा बरामद किया है। 65,500 रुपये भी बरामद हुए हैं।
पुलिस लाइन सभागार में एएसपी कालू सिंह ने बताया कि चोपन पुलिस को शनिवार की शाम सूचना मिली कि वाराणसी-शक्तिनगर राज्य मार्ग से गांजा तस्कर गुजर रहे हैं। परासपानी चोरपनिया जंगल के मोड़ पर उन्हें पकड़ लिया गया।
उनकी पहचान उड़ीसा के ऐंलापाली निवासी श्रीराम शाहू (26), बाउनसुनी निवासी परीक्षित बारिख (32) और ऐंला पाली निवासी चिंतामणि खटुआ (26) के रूप में हुई। उड़ीसा नंबर की लग्जरी कार की डिकी में दो बोरे में छिपाकर रखा 76 किलो 500 ग्राम गांजा भी बरामद हुआ। उड़ीसा से गांजा लाकर मिर्जापुर सहित अन्य जिलों में सप्लाई की जाती थी।
एएसपी के अनुसार, गांजे का आर्डर तीन लोगों ने दिया था। इसे प्रयागराज के घटवा तरौली निवासी गोरेलाल उर्फ बाबूलाल केशरवानी, मिर्जापुर के तीता बरया निवासी राम दरस मालवीय और अभय मालवीय को देना था। पुलिस ने आर्डर देने वालों को भी आरोपी बनाया है। गांजे की कीमत 12 लाख है। बिक्री के 65,500 रुपये भी बरामद हुए। कार भी सीज कर दी। आरोपी तस्करी के कई मामलाें में अलग-अलग नामों से वांछित हैं। इससे संबंधित मोबाइल में साक्ष्य बरामद हुए हैं। पुलिस टीम को एसपी अशोक मीणा ने 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।