सोनभद्र। विधानसभा चुनाव के पहले विकास कार्यों को पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि चुनाव में सत्ताधारी पार्टी को अपनी उपलब्धियां गिनाने और चुनावी वैतरणी पार करने में मदद मिले। इसी क्रम में घोरावल विधानसभा में 105 किलोमीटर की 72 नई ग्रामीण सड़कों का नवनिर्माण कराए जाने की कवायद चल रही है। चुनाव से पहले सड़कें बन जाएं इस पर पूरा जोर है।
शासन प्रशासन का पूरा फोकस विकास कार्यों पर है। दिसंबर तक नई सड़कों का निर्माण व मरम्मत कार्य पूरा कराने पर जोर दिया जा रहा है। मंडलीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर योगेश्वर राम भी निर्माण कार्यों को पूरा कराने का निर्देश जिले के आला अधिकारियों को दे चुके हैं। इसी क्रम में घोरावल विधायक डॉ. अनिल मौर्या की तरफ से घोरावल विधानसभा अंतर्गत आने वाले रानीतारा, जमगाई, नोनी, नौगांव, पुरुषोत्तमपुर, बारी महेवा, राजपुर, पुरखास, सरंगा सहित 72 ग्राम पंचायतों में सड़कों के नवनिर्माण का प्रस्ताव शासन में दिया गया है। इन ग्राम पंचायतों में बस्तियों को जाने वाला संपर्क मार्ग अब भी कच्चा है। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कत होती है। बरसात के दिनों में यह समस्या बढ़ जाती है। लोक निर्माण विभाग की तरफ से भी ग्रामीण संपर्क मार्गों का इस्टीमेट तैयार कर शासन में मंजूरी के लिए भेजा जा रहा है। स्वीकृति मिलने पर ग्रामीण संपर्क मार्गों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जायेगा।