घोरावल कोतवाली क्षेत्र के शिवद्वार गांव में शुक्रवार सुबह घर में घुसे करीब सात फीट लंबे मगरमच्छ मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को पकड़कर एक जलाशय में सुरक्षित छोड़ दिया।
शिवद्वार गांव के नया टोला निवासी कालू कोल ने बताया कि संभवत: शुक्रवार की भोर में किसी समय घर में मगरमच्छ घुस गया। सुबह करीब नौ बजे उसे उपली रखने वाले कमरे में अजीब सी सरसराहट की आवाज सुनाई दी। जब कालू व उसके परिजन घर में इधर उधर मुआयना करने लगे तो उपली वाले कमरे में मगरमच्छ देखकर सन्न रह गए। उपली के ढेर पर मगरमच्छ बैठा था। उन्होंने कमरे से निकलकर तुरंत दरवाजा बंद कर दिया। सूचना मिलने पर 112 डायल के योगेंद्र यादव व संतोष मौके पर पहुंचे और वन विभाग को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वन क्षेत्राधिकारी सरजू प्रसाद के निर्देश पर वन दारोगा राजन मिश्र, वन्य जीव रक्षक विश्वजीत व अन्य वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को पकड़ लिया। वन दारोगा राजन मिश्र ने बताया कि मगरमच्छ की लंबाई करीब सात फीट है, जिसे शिवद्वार बीट के जंगल के जलाशय में सुरक्षित छोड़ दिया गया है।