ओबरा थाने पर समस्याएं सुनते पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा।स्रोत पुलिस
सोनभद्र। पुलिस और भूमि विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए शनिवार को जिले के सभी थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने सुनवाई करते हुए संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर शिकायतों का समाधान कराया। वहीं राजस्व विभाग से संबंधित 81 मामलों में से 69 प्रकरणों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
एसपी अभिषेक वर्मा ने थाना ओबरा में मौजूद रहकर लोगों की शिकायतें सुनीं। रॉबर्ट्सगंज में एएसपी अनिल कुमार, सीओ रणधीर मिश्र, करमा में सीओ राहुल पांडेय, ओबरा में अमित कुमार, पिपरी में हर्ष पांडेय, दुद्धी में राजेश राय मौजूद रहे। समाधान दिवस के दौरान भूमि विवाद, आपसी झगड़े, कब्जा और राजस्व से जुड़े मामलों की अधिकता रही। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि भूमि संबंधी प्रकरणों का निस्तारण पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम समन्वय के साथ करे, ताकि शिकायतकर्ताओं को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े। शनिवार को पुलिस से जुड़े 13 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से चार का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। बीजपुर: थाना समाधान दिवस पर प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने शिकायतें सुनीं। ग्राम पंचायत पिंडारी, अंजानी, महरीकला व जरहा से 7 फरियादी जमीन संबंधित मामले लेकर आए। लेखपालों की मध्यस्थता से 5 का मौके पर निस्तारण कराया गया।