एनसीएल निगाही खदान के पास कार्रवाई के दौरान जब्त हाइवा।स्रोत जागरूक पाठक
शक्तिनगर। खदान के नजदीक अवैध रूप से भंडारण किया गया 400 क्विंटल (40 टन) कोयला, हाईवा जेसीबी मशीन को शुक्रवार की रात जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई संयुक्त टीम ने सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली में स्थित एनसीएल की निगाही कोयला खदान के पास की।
यूपी-एमपी के सीमावर्ती क्षेत्र में एनसीएल की दस कोयला खदानें हैं। सिंगरौली डीएम गौरव बैनल के निर्देश पर एसडीओपी मोरवा गौरव पांडेय एवं खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के नेतृत्व में टीम ने रात दस बजे के करीब घेरेबंदी शुरू की। संयुक्त जांच में एनसीएल निगाही खदान के समीप रेलवे लाइन से करीब 200 मीटर दूर अवैध रूप से भंडारित करीब 40 टन कोयला टीम ने जब्त किया। मौके से एक हाईवा व जेसीबी मशीन भी बरामद हुई। इनके ऑपरेटर अंधेरे में भाग निकले। हाईवा व मशीन को जब्त कर कर मोरवा थाना परिसर में खड़ा करा दिया गया। खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया कि वाहन व जेसीबी मालिक की जानकारी आरटीओ विभाग से प्राप्त की जा रही है।