सोनभद्र जिले के सीएससी जनसेवा केंद्रों पर बृहस्पतिवार को आत्मनिर्भर नारी-शक्ति के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संवाद का सीधा प्रसारण दिखाया गया। प्रधानमंत्री के संवाद कार्यक्रम को जिले में 60 हजार से अधिक महिलाओं ने देखा।
आत्मनिर्भर नारी-शक्ति के साथ प्रधानमंत्री का सीधा संवाद कार्यक्रम का प्रसारण रामगढ़ स्थित सीएससी केंद्र पर दिखाया गया। सीएससी संचालक सतीश कुमार झा के केंद्र पर लाइव प्रसारण देखने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं जुटी रहीं। जिला प्रबंधक आशीष पांडेय ने बताया कि प्रधानमंत्री के सीधा संवाद कार्यक्रम का प्रसारण सभी ब्लॉकों में 300 सीएससी केंद्रों पर किया गया। प्रधानमंत्री ने स्वयं सहायता समूह के पदाधिकारियों को जैविक कृषि, पशुपालन तथा लघु उद्योगों के कार्य को ऑनलाइन माध्यम से अपने जनपद और प्रदेश स्तर पर प्रसारित करने के लिए निर्देशित किया।
कहा कि आज के समय में हमारे देश की आत्मनिर्भर नारी शक्ति स्वयं सहायता समूह के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में विभिन्न प्रकार के लघु उद्योगों के माध्यम से हजारों महिलाओं के लिए रोजगार का सृजन किया है। इस अवसर पर जिला प्रबंधक अभय कुमार, जिला समन्वयक कन्हैया लाल आदि रहे। एनआरएलएम के जिला प्रबंधक एमजी रवि ने बताया कि जिले भर में समूह की महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवाद का सीधा प्रसारण देखा।