पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय चोपन में परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाना रहा।
इस प्रतियोगिता में कक्षा छठवीं से 12वीं तक के कुल लगभग 580 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और परीक्षा के प्रति संतुलित दृष्टिकोण पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। विद्यालय के प्राचार्य अमरनाथ ने बताया कि यह प्रतियोगिता भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की तरफ से संचालित परीक्षा पर चर्चा अभियान के तहत आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनके मानसिक स्वास्थ्य को भी मजबूत बनाते हैं। प्रतियोगिता का विषय आत्मविश्वास एवं सकारात्मक दृष्टिकोण रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।