सोनभद्र। केंद्र सरकार के खेलो इंडिया योजना के तहत नगवां ब्लाक के नगांव गांव में स्टेडियम बनेगा। इसके लिए सरकार ने तीन करोड़ 68 लाख रुपये जारी कर दिया है। यह स्टेडियम 2.253 हेक्टेयर में बनेगा। निर्माण के लिए ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है।
भारत सरकार ने जिले के नगवां ब्लॉक में स्थित अति नक्सल प्रभावित गांव नगांव में तीन करोड़ 68 लाख की लागत से स्टेडियम बनाने का निर्णय लिया है। विशिष्ट स्टेडियम तियरा के बाद यह दूसरा बड़ा स्टेडियम होगा, जहां ग्रामीण प्रतिभाओं को अपना हुनर निखारने का मौका मिलेगा। इससे प्रतिभाएं महज जिले में ही नहीं बल्कि प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगी। नगांव में 2.253 हेक्टेयर जमीन में स्टेडियम का निर्माण कराया जाना है। इस स्टेडियम में चार कोर्ट का हाल बनेगा। इसमें कबड्डी, रेसलिंग, वालीबॉल, बैडमिंटन, भारोत्तोलन आदि खेल होंगे। इन खेलों से संबंधित ग्राउंड भी स्टेडियम में बनाया जाएगा। इसके अलावा स्टेडियम परिसर में एक्सचेंज रूम, गैलरी, बरामदा आदि भी होगा। स्टेडियम बनने से यहां राज्य स्तर की तीरंदाजी, कबड्डी, वालीबाल समेत अन्य प्रतियोगिताएं भी हो सकेंगी। स्टेडियम के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूर्ण होने के साथ ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जिला युवा कल्याण अधिकारी एनबी सिंह ने बताया कि स्टेडियम के बनने से ग्रामीणों को काफी लाभ मिलेगा। खासतौर से आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों के साथ ही बिहार की सीमा से सटे ग्रामीण इलाकों के खिलाड़ी भी इस स्टेडियम में अपनी प्रतिभा निखारने के लिए आएंगे।