राजीव गांधी पंचायती राज सशक्तिकरण अभियान के तहत जिले की तीन महिला ग्राम प्रधानों को पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। 29 मार्च को लखनऊ के लोक भवन में तीनों प्रधानों को प्रदेश के मुख्यमंत्री बेहतर कार्य के लिए सम्मानित करेंगे। इसमें दुद्धी ब्लॉक की पन्ना देवी और राधिका देवी तथा घोरावल ब्लॉक की निर्मला देवी शामिल हैं। पुरस्कार ग्रहण करने के लिए तीनों ग्राम प्रधान बुधवार को लखनऊ रवाना हो गईं।
दुद्धी ब्लॉक के हरना कछार ग्राम पंचायत की प्रधान पन्ना देवी, कादल की राधिका देवी और घोरावल ब्लॉक के सहुआर ग्राम पंचायत की प्रधान निर्मला देवी अपनी ग्राम पंचायतों में सरकार की विकास योजनाओं, सरकारी निधि से होने वाले कार्यों का सफल क्रियान्वयन करने के साथ ही महिलाओं के हितों को लेकर भी विशेष कार्य कर रही हैं। इन तीनों महिला प्रधानों ने महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज बुलंद की और महिलाओं को उनके अधिकार के प्रति जागरूक करना शुरू किया। अपने ग्राम पंचायत में महिला सशक्तिकरण के तहत बाल विवाह, भ्रूण हत्या, महिलाओं व बालिकाओं के विरुद्ध हिंसा, दहेज उत्पीड़न रोकने की दिशा में काम किया और आज भी महिलाओं को जागरूक कर रही हैं। वे स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में भी कार्य कर रही हैं। ग्राम प्रधान पन्ना देवी, राधिका देवी और निर्मला देवी का कहना है कि उनका लक्ष्य महिला हिंसा को पूरी तरह से रोकना है। इस दिशा में वे कार्य भी कर रही हैं। इसका दूरगामी परिणाम होगा। जिला पंचायत राज अधिकारी आरके भारती ने बताया कि पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार वर्ष 2017-18 के लिए वर्ष 2016-17 के उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर महिला ग्राम प्रधानों ने आनलाइन प्रश्नावलियां भरी थीं। उसी आधार पर शासन से तीनों प्रधानों का चयन किया गया है। तीनों को डीपीएम के साथ पुरस्कार के लिए भेजा गया है।