जनपद में गेहूं खरीद की तैयारी तेज हो गई है। प्रथम चरण में खाद्य एवं विपणन विभाग ने 45 क्रय केंद्रों पर एक अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए डीएम को फाइल अनुमोदन के लिए भेज दिया है। वहीं अभी तक शासन स्तर से जिला प्रशासन को कितने मीट्रिक टन गेहूं की खरीद करना है इसका लक्ष्य नहीं मिला है।
होली पर्व समाप्त होने के बाद किसानों ने गेहूं की फसल की कटाई और मड़ाई का कार्य शुरू कर दिया है क्योंकि अधिकांश किसानों की फसल तैयार हो चुकी हैं। इसे देखते हुए शासन से जिला प्रशासन को एक अप्रैल से किसानों का गेहूं खरीद शुरू करने हरी झंडी मिल गई है। क्रय केंद्रों पर किसानों को धूप से बचने के लिए छांव, शुद्ध पेयजल, रोशनी आदि का प्रबंध करने को कहा गया है ताकि किसानों को विक्रय करने में परेशानी न हों। उसी क्रम मेें विपणन विभाग ने अब तक दस ब्लाकों में 45 क्रय केंद्रों पर खरीद करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर डीएम के पास फाइल अनुमोदन के लिए भेज दिया है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी संजय पांडेय ने बताया कि फिलहाल 45 केंद्रों पर खरीद शुरू कराने की तैयारी की गई है। उन्होंने कहा कि जरूरत पडने पर किसानों की सुविधा के लिए और क्रय केंद्र खोले जाएंगे। शासन से अभी खरीद का लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है।