अनपरा। अवधूत भगवान राम स्नातकोत्तर महाविद्यालय का 28 वां वार्षिकोत्सव विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय गया के वाइस चांसलर प्रोफेसर ओपी राय, उप महाप्रबंधक मानव संसाधन एनटीपीसी सिंगरौली तथा लैंको के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एसके द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
दो सत्रों में आयोजित कार्यक्रम के पहले सत्र में पूजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। इस दौरान आरती, स्वागत गीत, भजन जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। द्वितीय सत्र का आगाज पूज्य श्री के चित्र पर पुष्प अर्चन एवं माल्यार्पण से शुरू हुआ। मुख्य अतिथि ने कहा कि इस महाविद्यालय की उपलब्धियों से वे अभिभूत है। यह महाविद्यालय अवश्य ही भविष्य का विश्वविद्यालय बनेगा। उन्होंने कहां की असफलता ही सफलता की सीढ़ी होती है। विशिष्ठ अतिथि एमसी मांझी ने कहा कि यह महाविद्यालय उत्तरोत्तर विकास के नए सोपान गढ़ रहा है । इस महाविद्यालय में शिक्षा ग्रहण करना अपने आप में गौरव की बात है। विद्यालय की पत्रिका ज्योति स्तंभ का विमोचन भी किया गया। संस्था के सचिव विजेंद्र सिंह महाविद्यालय की संभावनाओं पर चर्चा की। प्राचार्य नीरज श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया।