सोनभद्र। बाल विकास एवं पोषण विभाग की ओर से जिले में 254 नए आंगनबाड़ी केंद्र खोले जाएंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 666 रिक्त पदों पर भी शीघ्र नियुक्ति होगी। नीति आयोग की ओर से देश के अति पिछड़े जिले में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर बनाने के लिए यह कवायद की जा रही है। इनमें से 225 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण शुरू भी करा दिया गया है। माना जा रहा है कि नए केंद्र बनने और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भर्ती से गांवों में बच्चों की बेहतर देखभाल हो पाएगी।
देश के 112 अति पिछड़े जिले में शामिल सोनभद्र में बाल विकास एवं पोषण की स्थिति चिंताजनक है। यहां करीब 21 हजार बच्चे कुपोषित हैं। इसमें भी 23 सौ से अधिक बच्चों में पोषण का स्तर काफी न्यून है। इन्हें अति कुपोषित की श्रेणी में रखा गया है। कोरोना के संकट में सबसे ज्यादा खतरा बच्चों पर ही बताया जा रहा है। ऐसे में कुपोषित बच्चे सबसे ज्यादा संवेदनशील श्रेणी में है। इनकी सुरक्षा के लिए जहां विभाग अन्य कवायद में जुटा हुआ है, वहीं बच्चों में पोषण के बेहतर निगरानी के लिए नए आंगनबाड़ी केंद्र भी खोले जा रहे हैं। भौगोलिक दृष्टि से विस्तृत जिले में कई ग्राम पंचायतों की बसावट काफी दुरुह है। एक-एक टोलों के बीच दो से तीन किमी की दूरी है। यहां एक कार्यकर्ता के भरोसे ग्राम पंचायत के सभी टोलों का भ्रमण नहीं हो पा रहा। गर्भवती महिलाओं, धात्री महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल प्रभावित हो रही है। म्योरपुर, बभनी, दुद्धी, चोपन, नगवां ब्लाकों में स्थिति सबसे विकट है। इसके मद्देनजर शासन ने यहां तीन सौ नए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के पद सृजित किया है। इसके अलावा पहले से रिक्त करीब 366 पदों पर भी नियुक्ति शीघ्र करने को कहा गया है। साथ ही दुरूह इलाके में स्थित गांवों में 254 नए आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण को भी मंजूरी दी है। यह केंद्र मिनी आंगनबाड़ी केंद्र के रुप में स्थापित किए जाएंगे। इनमें 222 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। शेष आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है।
इस मामले में जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह का कहना है कि जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के रिक्त पड़े 666 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए विज्ञापन निकाला जा चुका है। सुदूर इलाकों में आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कार्य भी चल रहा है। निर्माण कार्य शीघ्र ही पूरा कर लिया जायेगा।