स्वरोजगार संगम के तहत बृहस्पतिवार को जिले में वृहद ऋण मेले का आयोजन हुआ। इस दौरान केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हस्तशिल्पियों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
एनआईसी कक्ष में हुए कार्यक्रम के दौरान लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुए मुख्य आयोजन का सजीव प्रसारण भी देखा गया। एडीएम नमामि गंगे आशुतोष दुबे ने पीएमईजीपी योजनांतर्गत लाभार्थी उर्मिला देवी को ब्यूटी पार्लर के लिए ऋण स्वीकृत पत्र प्रदान किया। इनके अलावा मुख्यमंत्री युवा रोजगार अंतर्गत शेख शाहिद अली को रेस्टूरेंट, ओडीओपी मार्जिन मनी योजनांतर्गत सरोज देवी चौरसिया को कालीन निर्माण, प्रधानमंत्री मुद्रा योजनांतर्गत उर्मिला देव को ई-रिक्शा, कुमारी सोनम को ब्यूटी पार्लर के लिए ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कुल 24.95 लाख का ऋण स्वीकृति पत्र वितरित हुआ। कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग आरपी गौतम ने विभाग की योजनाओं के बारे में लाभार्थियों को विस्तार से बताया।