अनपरा । विद्युत विभाग में कार्यरत ठेका मजदूरों को नियमित कर ऊर्जा मंत्री को अपना वायदा पूरा करना चाहिए। यह मांग शनिवार को तापीय परियोजना अनपरा के मैटेरियल गेट पर आयोजित वादा निभाओ अभियान में श्रमिकों ने की है।
श्रमिकों का कहना है कि सन् 1998 और 2000 में प्रदेश सरकार के तत्कालीन ऊर्जा मंत्री की उपस्थिति में हुए समझौते में यह तय हुआ था कि मजदूरों का नियमितीकरण किया जाएगा। वर्तमान सरकार के ऊर्जा मंत्री बार-बार बिचौलियों को हटाने और सीधे विभाग के अधीन कार्य कराने की बात करते हैं। सरकार ने लगभग 60 हजार पदों पर भर्ती की भी घोषणा की है। सरकार को अपने वायदों को पूरा करना चाहिए और अनपरा व ओबरा की परियोजनाओं में काम करने वाले ठेका मजदूरों को नियमित करना चाहिए। मजदूरों ने सीएम के नाम संबोधित मांग पत्र पर बड़ी संख्या में हस्ताक्षर कर अपना समर्थन व्यक्त किया। इस मौके पर तेजधारी गुप्ता, मसीहुद्दौला अंसारी, हकीक अली शाह, गोविंदा प्रजापति, अशोक कुमार, विनोद यादव, आलमीन, अतुल पाठक, रंजीत जायसवाल, राजेश मौर्य, रामबली, राम सुधार गुप्ता, चंद्रशेखर पाठक, जगत नारायण जायसवाल, ददऊ यादव, राजेश्वर गुप्ता, मोहन प्रकाश, अशोक प्रजापति आदि मौजूद रहे।