गांव की आरसीसी सड़क पर एनसीएल दो करोड़ 13 लाख रुपये खर्च करेगी। इससे 4.65 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सड़क बनने से कई गांवों के करीब सात हजार लोगों को आवाजाही में सहूलियतें मिलेंगी।
एनसीएल के प्रवक्ता राम विजय सिंह ने बताया कि यह खर्च एनसीएल की निगाही कोयला परियोजना उठाएगी। योजना के मुताबिक जरहा पंचायत को माड़ा-परसौना मुख्य मार्ग से जोड़ा जाएगा। इससे सड़क निर्माण से जरहा गांव (मप्र) के निवासियों का चिकित्सालय, आंगनबाड़ी, विद्यालय व अन्य सरकारी सुविधा केंद्रों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। इस सड़क का निर्माण कार्य अगले चार महीनों में पूर्ण होने का अनुमान है। पांच वर्षों तक इसका रख रखाव कंपनी करेगी। हाल ही में एनसीएल निगाही क्षेत्र ने सीएसआर के तहत 10 करोड़ की लागत से दिव्यांगजनों के लिए विद्यालय सह छात्रावास का निर्माण व संचालन, दो करोड़ की लागत से पांच ग्राम पंचायतों में कुल नौ आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना, नंदगांव में सड़क का निर्माण जैसे कार्य किए हैं।