सोनभद्र। एससी/एसटी एक्ट के विरोध में निकले जुलूस के दौरान हुए विवाद के मामले में चार नामजद समेत कई के खिलाफ केस दर्ज होने का मामला तूल पकड़ने लगा है। शुक्रवार को एससी/एसटी एक्ट के विरोधियों ने सूबे के राज्यपाल, पुलिस महानिरीक्षक, मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन और जिले के एसपी को मांगपत्र भेज कर मदद की गुहार लगाई।
राजनारायण मिश्रा, नीतीश चतुर्वेदी, दीपक, जितेंद्र देव पांडेय, दीपू ने राज्यपाल और अधिकारियों को भेजे गए पत्र में लिखा है कि वृहस्पतिवार को भारत बंद के अवसर पर स्वर्ण समाज और पिछड़ी समाज केे लोगों ने राबर्ट्सगंज में जुलूस निकाला था। जुलूस में शामिल लोग एससी/एसटी में संशोधन करने की मांग करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से शीतला मंदिर के समीप पहुंचे थे। तभी राबर्ट्सगंज निवासी नीरज सोनकर 25 लोग के साथ लाठी लेकर एससी/एसटी जिंदाबाद का नारा लगाते हुए जुलूस के सामने आकर लाठी-भांजने लगे। जान बचाने के लिए एक मकान में घुसे तो वे लोग घर में घुसकर मारपीट किए। इतना ही नहीं उन लोगों ने कनपटी पर असलहा सटा दिया। नीरज ने यह भी धमकी दी कि झूठे मुकदमे में फंसा दूंगा। उनका आरोप है कि उन लोगों ने घटना की तत्काल सूचना एसडीएम और सीओ को दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।