ओबरा सी परियोजना की जद में आ रही सब्जी मंडी को अन्यत्र स्थाई रूप से सब्जी व फल मंडी की मांग को लेकर व्यापारियों ने बेमियादी बंदी के दूसरे दिन बुधवार से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। सब्जी व्यापारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाया। व्यापारियों ने विरोध में फल और सब्जियां सड़क पर फेंक कर अपने रोजगार के लिए नियत स्थान की मांग किया।
प्रदर्शन कर रहे सब्जी व्यापारियों ने कहा कि निगम प्रशासन ने बिना अन्य स्थान का निर्धारण किए ही सब्जी व फल मंडी को उजाड़ने का फैसला लिया। इससे उनके सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। सब्जी की दुकान न लगने से बुधवार को भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। हड़ताल से आसपास के क्षेत्रों में सब्जियों के दाम बढ़ने लगे हैं। नगर में स्थित होटल, रेस्टोरेंट एवं पटरी पर लगने वाले ठेलों पर भी सब्जी बंदी का असर पड़ रहा है। व्यवसायियों का कहना है कि सब्जी मंडी के व्यापारियों को अन्य जगह बसाने को लेकर दो सप्ताह पूर्व सदर एसडीएम को भी पत्र दिया गया था। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सब्जी व्यवसायी संघ के अध्यक्ष रामप्रवेश जायसवाल व प्रकाश जायसवाल ने बताया कि उन्होंनेे सभी स्तर पर स्थाई मंडी की मांग रखी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस दौरान संतोष जायसवाल, मोहम्मद अयूब, पुत्तुल सोनकर, रमेश यादव, सूर्य नारायण जायसवाल, अच्छेलाल जायसवाल, सोमारू सोनकर, हरिशंकर गुप्ता, रामप्रभाव जायसवाल समेत तमाम व्यापारी मौजूद रहे।