सोनभद्र। जिले के 19 ऐसे गांव जहां की आबादी में से 50 फीसदी आबादी अनुसूचित जाति की है, गांवों में विकास की रफ्तार थोड़ी कम है वहां का कायाकल्प कराया जाएगा। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत 2019 में प्रस्तावित इन गांवों में कुल तीन करोड़ 80 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न विभागों से भी जरूरत के अनुसार धनराशि खर्च कराते हुए कार्य कराए जाएंगे। विकास की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। एक सप्ताह के भीतर इसे अमलीजामा पहना दिया जाएगा। इसका लाभ करीब 20 हजार लोगों को मिलेगा।
अनुसूचित जाति की अधिकता वाले गांवों में विकास के लिए जून 2019 में सरकार ने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना शुरू की। योजना के तहत जिले के 20 गांवों का चयन तो कर लिया गया, लेकिन विभागीय सुस्ती के कारण योजना धरातल पर नहीं उतरी। अब समाज कल्याण विभाग ने इसे गंभीरता से लिया और योजना के क्रियान्वयन पर जोर दिया जा रहा है। विभागीय अधिकारी बताते हैं कि इस योजना के तहत चयनित गांवों में पहले तो सभी विभागों से समन्वय बनाकर कार्य कराया जाएगा। इसके बाद अगर कोई विभाग यह कहता है कि अब बजट नहीं है तो उसका प्रस्ताव बनाकर भेजा जाता है। ऐसे में सरकार 20 लाख रुपये हर गांव के लिए देती है। उससे काम कराए जाते हैं। इस तरह से कुल तीन करोड़ 80 लाख रुपये की विस्तृत कार्ययोजना बनायी गई है। इससे करीब
इन गांवों का किया गया है चयन
प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत चतरा ब्लाक के रामगढ़, सिल्थम, सोढ़ा, भिखमपुर व राबर्ट्सगंज के मुबारकपुर का चयन किया गया है। इसी तरह चोपन व कोन ब्लाक के बरवाडीह, खोमपुर, जमुर, मिटिहिनिया, नेवारी, शिल्पी को चयनित किया गया है। घोरावल ब्लाक के घुवास, कन्हारी, मुंगहरी परसौना, पड़वनिया, नेवारी, खुटहां शामिल हैं। इन सभी गांवों की रूपरेखा तैयार की गई है।
20 लाख में हो सकते हैं छह काम
चयनित गांवों में विकास के लिए जो 20 लाख रुपये मिलेंगे उससे छह काम कराए जा सकते हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव ने बताया कि पहले विभिन्न विभागों से काम कराया जाता है। इसके बाद जो 20 लाख रुपये धनराशि मिलेगी उससे छह काम हो सकते हैं। जो काम होने हैं उनमें पेयजल व स्वच्छता से संबंधित आधारभूत संरचनाओं का विकास, ठोस व द्रव अवशिष्ट सुविधाओं का विकास, विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय निर्माण व वृहद मरम्मत, आंगनबाड़ी का निर्माण, संपर्क मार्ग, सोलर लाइट व स्ट्रीट लाइट की स्थापना शामिल है।
प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत पहले वर्ष चयनित 19 गांवों के विकास का खाका तैयार है। कुछ औपचारिकताएं पूर्ण कराकर योजना को क्रियान्वित किया जाएगा। उम्मीद है कि जल्द ही इसका डॉटा लॉक हो जाएगा।
- रमाशंकर यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी-सोनभद्र।