डीएम अभिषेक सिंह ने डीएसओ को जिले में रिक्त पड़े करीब 18 दुकानों का चयन शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया है। अब तक करीब 14 ग्राम पंचायतों में आपूर्ति विभाग ने खुली बैठक कर दुकानों का आवंटन करने का रास्ता साफ कर दिया है। अब तहसील प्रशासन चयन की प्रक्रिया में जुटा है। रिक्त दुकानों का चयन होने से हजारों कार्ड धारकों को दूर-दराज के वितरण प्रणाली की दुकानों पर जाने से मुक्ति मिलेगी।
घोरावल तहसील क्षेत्र के ओबराडीह, राबट्र्सगंज के बनौली, बनबहुआर, सिल्थरी, कैथी, ओबरा के खेमपुर और दुद्वी तहसील की बुटबेढ़वा और लांबी गांव के कोटे की दुकान निलंबित चल रही है। इसी तरह से घोरावल तहसील के सतौहा, बरौली, जुड़ौली कॉलोनी, ओबरा के बिल्ली मारकुंडी की तीन दुकानें, मिश्री, दुद्धी तहसील क्षेत्र की पोलवा, हथवानी, करहिया, नेमना और राबट्र्सगंज तहसील क्षेत्र पडऱी कला, भुसौलिया, कम्हरिया, ऊचडीह, पसही कला और कतवरिया की दुकानों को निरस्त कर दिया गया है। निरस्त और निलंबित कोटे की दुकानों से जुड़े हजारों कोटेदारों को नजदीकी दुकानों से संबद्ध किया गया है। कार्ड धारकों को अनाज लेने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को जल्द से जल्द रिक्त दुकानों का चयन करने की प्रक्रिया पूर्ण करने को कहा है।
जिले में रिक्त पड़े 18 वितरण प्रणाली की दुकानों का चयन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अब तक करीब 14 ग्राम पंचायतों में खुली बैठक कर दुकानों का आवंटन करने का रास्ता साफ कर लिया गया है। शेष चार गांवों में भी बैठक करने की तिथि मुकर्रर कर दी गई है। - गौरी शंकर शुक्ला, जिलापूर्ति अधिकारी