1752 got treatment in block level health fair
- फोटो : SONBHADRA
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत सोमवार को आयोजित ब्लाक स्तरीय स्वास्थ्य मेले में लोगों की भीड़ उमड़ी। करमा और चतरा ब्लाक के मेलों में 1752 मरीजों का पंजीकरण हुआ। उनकी स्वास्थ्य जांच कर दवाएं दी गई। मेले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, युवा कल्याण सहित कई विभागों ने स्टॉल लगाकर लाभार्थी योजनाओं की जानकारी दी।
करमा ब्लॉक अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केकराही में आयोजित स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत चौबे ने किया। मेले में कुल 14 स्टॉल लगे थे। मेले में 735 लोगों ने पंजीकरण कराया। इसमें 180 आयुर्वेद, 185 होम्योपैथी, 370 एलोपैथी मरीजों का पंजीयन हुआ। 235 लोगों की विभिन्न प्रकार की जांच कराई गई। सीएमओ डॉ. रमेश सिंह ठाकुर ने नि:शुल्क मिलने वाली चिकित्सा सुविधा के बारे में विस्तार से बताया। डॉ. रामकुंवर ने संचारी रोगों के प्रति जागरूक करते हुए इससे बचाव की अपील की। विशिष्ट अतिथि सदर ब्लाक प्रमुख अजीत रावत और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी उॉ. एसके चतुर्वेदी ने भी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी। संचालन जिला मलेरिया अधिकारी धर्मेंद्र श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर भाजपा नेता राजेश मिश्रा, सुरेश शुक्ला, धर्मेंद्र शर्मा, सीवी सिंह, मनीष मिश्रा, सतीश पांडेय, राजू केसरी, प्रधान रामचंद्र प्रजापति, अमरनाथ मौर्य, एडीओ पंचायत रामशिरोमणि पाल, छोटेलाल यादव आदि उपस्थित रहे। वहीं चतरा ब्लाक के बीईओ कार्यालय परिसर में आयोजित मेले का उद्घाटन सांसद पकौड़ी लाल कोल व सीएमओ डॉ. आरएस ठाकुर ने किया। सांसद ने कहा कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ हर गरीब और पिछड़े लोगों तक पहुंचाने की योजना है, जिसका सबसे बड़ा उदाहरण है आयुष्मान कार्ड। इससे हर गरीब अच्छा इलाज करा सकता है। मेले में कुल 917 मरीजों का रजिस्ट्रेशन किया गया। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डॉ. आरजी यादव, राजबहादुर सिंह, डॉ. सुमन जायसवाल, बीईओ उत्कर्ष सक्सेना आदि रहे। संचालन प्रभारी चिकित्साधिकारी चतरा डॉ. रोहित सिंह ने किया।