सोनभद्र। जिले में बुधवार को सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश होती रही। दिन भर आसमान में बादल छाए रहे और धूप नहीं निकली। उमस भरी गर्मी से भी लोगों को राहत मिली। बारिश से जहां किसानों में खुशहाली रही और कृषि कार्य में जुटे रहे, वहीं गड्ढायुक्त सड़कें पानी से भर गईं, जिससे लोगों का सड़क पर पैदल चलना मुश्किल हो गया।
जिले में मंगलवार से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। कभी रिमझिम बारिश की फुहार तो कभी तेज बारिश से लोगों के लिए परेशानी भी हो रही है। इस बारिश से राबर्ट्सगंज में कई जगह सड़कें जलमग्न हो गई हैं। राबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र में स्थित हाईडिल मैदान में एसडीओ कार्यालय के सामने पानी भर गया है। इससे कार्यालय में जाना मुश्किल हो गया है। लोग किसी तरह पानी में होकर कार्यालय जा रहे हैं। धर्मशाला चौक पर पन्नूगंज की ओर जाने वाले मार्ग पर भी पानी भर गया है, जिससे दो पहिया वाहन चालकों तक को परेशानी झेलनी पड़ रही है। गांवों में सड़कों की स्थिति काफी दयनीय हो गई है। सड़कें कीचड़युक्त हो गई हैं।
ओबरा प्रतिनिधि के अनुसार बग्घानाला शारदा मंदिर मार्ग गड्ढे में तब्दील होने के नाते उसमेें पूरी तरह से पानी भर गया है। इससे दो-चार पहिया वाहनों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है। उधर, बभनी प्रतिनिधि के अनुुसान बभनी-आसनडीह मार्ग भी जगह-जगह से गड्ढे में तब्दील हो गया है। इस मार्ग के फिर से निर्माण के लिए पूर्ववर्ती सरकार में बजट भी आया था और तत्कालीन क्षेत्रीय विधायक रूबी प्रसाद ने निर्माण का शिलान्यास भी किया था लेकिन सड़क नहीं बन सकी। अब सड़क पर जगह-जगह जल जमाव होने के साथ सड़क कीचड़यक्त हो गई है। इससे क्षेत्रीय लोगों में असंतोष है।